Raja Raghuvanshi Murder Update: पुलिस ने किया हत्या का पूरा घटनाक्रम रीक्रिएट, जानिए कैसे रची गई राजा की हत्या की साजिश!

Author Picture
By Sharma Published On: June 17, 2025
Raja Raghuvanshi Murder Update: पुलिस ने किया हत्या का पूरा घटनाक्रम रीक्रिएट, जानिए कैसे रची गई राजा की हत्या की साजिश!

Raja Raghuvanshi Murder Update: शिलॉन्ग के सोहरा इलाके में 23 मई को इंदौर के राजा रघुवंशी की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। यह मामला अब एक महीने के करीब पहुंच चुका है और हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब 16 दिन बाद पुलिस को यह पता चला कि राजा की पत्नी पूनम उर्फ सोनम रघुवंशी ने ही अपने प्रेमी राज कुशवाहा और उसके तीन दोस्तों के साथ मिलकर राजा को मौत के घाट उतारा था। इस खुलासे ने पूरे देश को हैरान कर दिया था क्योंकि जिस महिला ने शादी के सिर्फ 12 दिन बाद पति को हनीमून के बहाने शिलॉन्ग बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी वह अब पुलिस की गिरफ्त में है।

आज मेघालय पुलिस की फॉरेंसिक इन्वेस्टिगेशन यूनिट क्राइम सीन को फिर से समझने के लिए घटनास्थल पर पहुंची। यह वही जगह है जहां सोनम और उसके साथियों ने मिलकर राजा की हत्या की थी। सोहरा के वेई सौदोंग फॉल्स के पास पूरी टीम ने क्राइम सीन का रिक्रिएशन किया। इस दौरान एसडीआरएफ की टीम भी मौजूद रही। सभी आरोपी पुलिस की निगरानी में घटनास्थल पर लाए गए ताकि हत्या को जिस ढंग से अंजाम दिया गया था उसे एक-एक करके समझा जा सके। सीनियर पुलिस अधिकारी ने जानकारी दी कि आरोपियों के पास से एक धारदार हथियार भी बरामद किया गया है जिसे उन्होंने गुवाहाटी से खरीदा था और राजा की हत्या के लिए इस्तेमाल किया गया था।

सोनम ने रची थी खौफनाक साजिश

राजा और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी और 20 मई को सोनम ने हनीमून के बहाने राजा को शिलॉन्ग बुलाया। किसी को क्या पता था कि यह हनीमून मौत में बदल जाएगा। 23 मई को सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाहा और तीन दोस्तों के साथ मिलकर राजा की हत्या कर दी और उसकी लाश को खाई में फेंक कर वहां से फरार हो गई। राजा का शव 2 जून को खाई से बरामद किया गया और तब जाकर हत्या की गुत्थी सुलझनी शुरू हुई। पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो सामने आया कि यह पूरा प्लान पहले से तैयार किया गया था और सोनम के प्रेम संबंध राजा की हत्या की जड़ में थे।

सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में

8 जून को पुलिस ने राज कुशवाहा और उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया और अगले ही दिन यानी 9 जून को सोनम ने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। अब ये पांचों आरोपी मेघालय पुलिस की कस्टडी में हैं और उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस हत्याकांड के हर पहलू को ध्यान से समझ रही है ताकि केस को मजबूत बनाया जा सके और कोर्ट में ठोस सबूतों के साथ आरोपियों को सजा दिलाई जा सके। इस मामले ने न सिर्फ पूरे देश को झकझोर दिया है बल्कि यह सवाल भी खड़े कर दिए हैं कि कैसे एक पत्नी ने अपने ही पति की जान लेने की साजिश रच दी। पुलिस का कहना है कि जब तक इस केस के हर टुकड़े को जोड़ कर पूरी कहानी सामने नहीं आ जाती तब तक जांच जारी रहेगी।