हाथ पैर बांधकर रिटायर्ड एसआई की हत्या, पुलिस को आशंका लूट के इरादे से हुई वारदात

Author Picture
By Sharma Published On: May 25, 2021

ग्वालियर। रिटायर्ड पुलिस सब इंस्पेक्टर की अज्ञात लोगों ने उन्हीं के घर में हत्या कर दी। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के श्री विहार कॉलोनी में मेघ सिंह कुशवाहा रहते थे। वे 2017 में दतिया में एसआई के रूप में रिटायर्ड हुए थे। पता चला है, कि कुशवाह अकेले ही अपने इस मकान में रहते थे। पुलिस को अंदेशा है, कि अज्ञात बदमाशों ने लूटपाट के मकसद से रिटायर्ड एसआई की हत्या की है। फिलहाल इस मामले में तफ्तीश की जा रही है।

पुलिस फोर्स से 2017 में हुए थे रिटायर्ड…

बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के श्री विहार कॉलोनी में पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त मेघ सिंह कुशवाहा रहते हैं। मेघ सिंह 2017 में दतिया जिले से रिटायर हुए थे। कल शाम तक उन्हें आसपास के लोगों ने अच्छा भला देखा था। लेकिन आज सुबह जब उनके घर पर कोई हलचल नहीं हुई, तब पड़ोसियों ने पुलिस को इत्तला दी। पुलिस मौके की सूचना मिलते ही वहां पहुंच गई और एफएसएल टीम के जरिए सबूत जुटाने की कोशिश की। सब इंस्पेक्टर मेघ सिंह कुशवाह अपने पलंग पर हाथ पैर बंधी हुई हालत में मृत अवस्था में पड़े थे। उनके चेहरे और सिर से खून निकल रहा था ।समझा जाता है, कि उन्होंने लुटेरों का मुकाबला भी किया है। लेकिन वह बुजुर्ग थे इसलिए अज्ञात बदमाशों पर वे हावी नहीं हो सके।

 

अकेले रहते थे रिटायर्ड एसआई…

पुलिस अब यह पता कर रही है, कि सब इंस्पेक्टर कुशवाहा के यहां किन लोगों का आना जाना था और उनकी अक्सर किस से बात होती थी। पुलिस का यह भी शक है, कि उनके अकेले रहने के कारण कई बदमाशों की उन पर निगाह होगी और सॉफ्ट टारगेट समझकर उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया है। फिलहाल लूट में कितना सामान गया है अथवा उसका क्या मकसद है। इसके बारे में जानकारी ली जा रही है।