RPF जवान की पत्नी का शव संदिग्ध अवस्था में साड़ी के फंदे पर लटका मिला

Author Picture
By Desk Input Published On: November 17, 2024

भोपाल। राजधानी के बजरिया इलाके में आरपीएफ जवान की पत्नी का शव संदिग्ध अवस्था में फंदे पर लटका मिला। महिला के चेहरे पर चोट के निशान थे और उसके पैर में कपड़ा बंधे होने की बात सामने आई है।

 

मृतक महिला के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। महिला के स्वजनों का आरोप है कि उसका पति और पूरा ससुराल पक्ष दहेज को लेकर प्रताड़ित करता था। उन्होंने ही महिला की हत्या कर उसका शव फंदे पर टांग दिया था। वहीं बजरिया थाना पुलिस प्रारंभिक तौर पर इसे खुदकुशी मान रही है। पुलिस का कहना है सभी पहलुओं पर जांच की जाएगी, फिलहाल मर्ग कायम किया गया है।

 

 

थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि इसी वर्ष 14 फरवरी को सुशील कुमार मंडराई और कृतिका ग्वाले की शादी हुई थी। सुशील अपने परिवार के साथ द्वारका नगर में रहते हैं, जबकि कृतिका का मायका राजधानी के रत्नागिरी में है। सुशील आरपीएफ में पदस्थ हैं और वे शादी के पहले से उसकी पोस्टिंग मुंबई के पनवेल में हैं।कृतिका ससुराल में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती थीं। इसी सप्ताह गुरुवार को सुशील मुंबई से अपने घर लौटा था।

 

पड़ोसियों के मुताबिक शनिवार रात नौ से दस बजे के बीच उनके घर से शोर सुनाई दे रहा था। सुशील की बहन ने साढ़े दस बजे कृतिका के पिता को फोन कर उसकी खुदकुशी की जानकारी दी। स्वजन बेटी के ससुराल पहुंचते इससे पहले ही सुशील घर से भाग गया। वहां महिला के सास-ससुर और पुलिस मौजूद थी।

 

कृतिका के भाई संतोष ने बताया कि शादी के दहेज में हमने बुलेट और घर के अन्य सामान दिए थे। लेकिन बाद में सुशील ने कार और प्लाट की मांग की थी। एक महीने बाद उसने कृतिका को परेशान करना शुरू कर दिया था और कई बार मारपीट भी करता था। वह मुंबई में पोस्टेड था, लेकिन कृतिका को साथ लेकर नहीं जाता था। एक बार सिर्फ एक दिन के लिए उसे मुंबई लेकर गया था। जहां पहले से कई लड़के-लड़कियां उसके कमरे पर मौजूद थे। इसके अगले ही दिन कृतिका घर वापस आ गई थी।