एनडीए में सीटों का बंटवारा तय; 68 सीटों पर भाजपा लड़ेगी चुनाव, आजसू, जदयू और लोजपा को मिलीं इतनी सीटें

Author Picture
By Desk Input Published On: October 18, 2024

झारखंड। झारखंड में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए के भीतर सीटों का बंटवारा हो गया है। इसके तहत भाजपा 68 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि आजसू को 10, जदयू को 2, और लोजपा (आर) को 1 सीट दी गई है। यह जानकारी झारखंड भाजपा के सह-प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने दी। झारखंड भाजपा प्रभारी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि भाजपा, जदयू, आजसू और लोजपा (आर) मिलकर झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। सीटों का बंटवारा हो चुका है और जल्द ही उम्मीदवारों की घोषणा की जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आजसू सिल्ली, रामगढ़, गोमिया, इचागढ़, मांडू, जुगसलिया, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जदयू जमशेदपुर पश्चिम और तमाड़ सीट से मैदान में उतरेगी, जबकि चतरा सीट लोजपा (आर) के चिराग पासवान को दी गई है।

झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान होगा—13 नवंबर और 20 नवंबर को। परिणाम 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण में 43 सीटों पर और दूसरे चरण में 38 सीटों पर मतदान होगा। एनडीए का मुख्य मुकाबला झामुमो, कांग्रेस और राजद के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन से होगा।