MP में एसआई ने शादीशुदा महिला से किया बंदूक की नोक पर रेप 

Author Picture
By Sharma Published On: February 21, 2022

उज्जैन। उज्जैन में एक एसआई पर रेप का मामला दर्ज हुआ है। खास बात ये है कि जिस थाने में कभी सब इंस्पेक्टर रहकर रौब झाड़ा था, उसी थाने में उसके खिलाफ रेप का केस दर्ज किया गया है। रविवार को एक महिला ने एसआई विकास देवड़ा के खिलाफ रेप, जान से मारने की धमकी और संपत्ति हड़पने की साजिश रचने का केस दर्ज कराया है। रात में ही थाने में काफी हंगामा भी हुआ। केस दर्ज होने पर एसआई माफी मांगने लगा। ASP आकाश भूरिया ने एसआई को सस्पेंड कर दिया है। मामला चिमनगंज मंडी थाने का है।

 

 

इंदौर की रहने वाली महिला रविवार रात पति के साथ चिमनगंज मंडी थाने पहुंची। यहां उसने लाइन में पदस्थ SI विकास देवड़ा पर आरोप लगाए। विकास पहले चिमनगंज थाने में ही पदस्थ था। एक महीने पहले ही उसे लाइन अटैच किया गया था। महिला ने आरोप लगाया कि 2 दिन पहले उज्जैन के राज रेसीडेंसी के फ्लैट नंबर 104 में देवड़ा ने उसके साथ मारपीट की। इससे उसका हाथ फ्रैक्चर हो गया। महिला ने देवड़ा पर पिछले एक महीने से रेप करने और पति को जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए। एसआई भी शादीशुदा है।

 

 

महिला ने बताया कि पति से विवाद होने के बाद वह अलग रहने लगी थी। इस बीच देवड़ा ने फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। इसके बाद दोनों में बातचीत होने लगी। महिला ने आरोप लगाए कि दोस्ती बढ़ने पर एसआई ने झांसे में लेकर वर माला डालने के फोटो ले लिए। इसके बाद सर्विस रिवॉल्वर की नोंक पर रेप किया। महिला ने ये भी कहा कि SI मेरी संपत्ति पर अधिकार जमाना चाहता था। रविवार रात SI विकास देवड़ा ड्यूटी पर था। जैसे ही उसे महिला के थाने पहुंचने की खबर लगी, तो वह भी पहुंच गया। यहां कार्रवाई नहीं करने के लिए हाथ-पैर जोड़ कर माफी मांगता रहा। इस बीच, महिला के पति ने भी देवड़ा को खरी-खोटी सुनाई। इसके बाद रात को ही SI के खिलाफ केस दर्ज कराया।

 

 

महिला और एसआई के बीच करीब एक महीने पहले शुरू हुई दोस्ती इतनी बढ़ गई थी कि महिला देर रात तक थाने में बैठी रहती थी। विकास ने महिला को आगर रोड स्थित राज रेसीडेंसी में घर दिलवा दिया था। इसकी शिकायत एसपी तक पहुंची। इसके बाद कुछ दिन पहले एसआई को लाइन अटैच कर दिया गया था। चिमन गंज थाना प्रभारी जितेंद्र भास्कर ने बताया कि विकास देवड़ा के खिलाफ धारा 376 सहित मारपीट व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच की जा रही है। इसके साथ ही SI को सस्पेंड कर दिया गया है।