पैसों की बारिश और रुपये दोगुने करने का झांसा देने वाला तांत्रिक बाबा हुआ गिरफ़्तार

Author Picture
By Sharma Published On: September 8, 2021
double money tantric baba

उज्जैन। रातोंरात लखपति बनाने का लालच देकर ठगी करने वाले एक तांत्रिक बाबा को उज्जैन पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इसके अन्य फरार साथियों की पुलिस तलाश कर रही है। खुद को तांत्रिक बताने वाला बाबा उज्जैन में ठगी की वारदात को अंजाम दिया करता था।

ASP ने बताया कि सीएसपी पल्लवी शुक्ला के मार्गदर्शन में महाकाल थाना पुलिस ने इंदौर से मदीना नगर इंदौर निवासी तांत्रिक बाबा को गिरफ्तार किया गया है, इस गिरोह में शामिल एक महिला सहित दो अन्य की तलाश पुलिस कर रही है। आगर निवासी एक युवक के साथ भी इन्होंने साढ़े पांच लाख रूपए की ठगी की थी।

यह है पूरा मामला

3 अप्रैल 2021 को आशीष निवासी विवेकानंद कालोनी जिला आगर को एक तांत्रिक बाबा और उसके साथियों द्वारा रुपये दोगुने करने करने का झांसा देकर 5,50,000 रुपये की ठगी की गई थी। तांत्रिक बाबा ने आशीष को साढ़े पांच लाख रुपये लेकर रामघाट उज्जैन पर बुलाया और पूजा पाठ कराई तथा जलता दीपक नदी में छोड़ने के लिए भेजा और इस बीच आरोपी भाग गए थे।

आशीष ने तांत्रिक और उसके साथियों के द्वारा की गई ठगी की शिकायत महाकाल थाने में दर्ज करवाई थी, जिस पर पुलिस ने अपराध क्रमांक-182/21 धारा 420 व 34 भादवि के तहत अज्ञात तांत्रिक बाबा सहित उसके अन्य साथी के विरुद्ध प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान इस घटना में तांत्रिक बाबा इंदौर व उसके साथी उन्हेल व हरदा निवासी होना सामने आया था।