एक साथ उठी दो दो सगी बहनों की अर्थियां, सांप के डसने से हुई मौत 

Author Picture
By Sharma Published On: July 11, 2023

विदिशा। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात ग्राम पंचायत डाबर के ग्राम हस्नाबाद स्थित अपने घर में सोते समय दो किशोरी बहनों को सांप ने डंस लिया। उपचार के दौरान दाेनों की मौत हो गई। सोमवार की शाम को जब घर से दोनों बहनों की अर्थी उठीं तो पूरा गांव रो पड़ा। हर रहवासी की आंखें नम थीं। देर शाम मुक्तिधाम पर दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।

 

पंचायत के सरपंच देवेन्द्रसिंह दांगी ने बताया कि गजराजसिंह अहिरवार की पंचर की दुकान है। वह हस्नाबाद में रहकर बच्चों को पढ़ा रहे हैं।

 

रविवार की रात में करीब एक बजे सोते समय 14 वर्षीय रितिका और 12 वर्षीय साधना को सांप ने डंस लिया। दोनों ही बेटियां एक निजी स्कूल में पढ़ाई करती थीं।

 

दर्द होने पर एक बेटी की नींद खुली तो उन्होंने स्वजनों को जानकारी दी। जब घर में देखा तो सांप दिखाई दिया। इसके बाद स्वजन बगैर देर किए दोनों बहनों को मेडिकल कालेज स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।

 

उन्होंने बताया कि मृतिकाएं चार भाई-बहन थे। यह दोनों ही बहने छोटी थीं। घटना के बाद से स्वजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बेतवा स्थित मुक्तिधाम पर दोनों के अलग-अलग अंतिम संस्कार किए गए। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।