उस लड़की ने मुझपर रेप की झूठी शिकायत कराई दर्ज, युवक ने बन्दुक से की आत्महत्या

Author Picture
By Sharma Published On: March 16, 2021

नईदिल्ली। एक व्यक्ति ने शुक्रवार शाम छावला के गोयला खुर्द स्थित अपने घर में खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। शख्स के पास से एक सुसाइड नोट मिला है। इस नोट में उन्होंने लिखा है कि एक महिला और उसके पिता ने उसके खिलाफ झूठी रेप की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने मृतक की मां की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दीपक सांगवान ने शाम करीब चार बजे सिर पर गोली मारकर आत्महत्या की। गोयला खुर्द के रहने वाले दीपक को गोली लगने के बाद अस्पताल में एडमिट किया गया। जिसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। लेकिन पीड़ित स्टेटमेंट देने की स्थिति में नहीं था। जांच में पता चला कि उसने पिस्टल से खुद को गोली मारकर घायल किया है।

पुलिस को घटना स्थल से एक पिस्टल और दो गोलियों के साथ एक खोल भी मिला है। सभी सामानों को पुलिस ने जब्त कर लिया है। वारदात स्थल से एक सूइसाइड नोट भी पुलिस को बरामद हुआ। इसमें मृतक ने लिखा है कि महावीर एन्क्लेव में रहने वाली एक महिला और उसके पिता ने उस पर झूठी एफआईआर दर्ज करवाई है। मृतक ने उक्त महिला को दो लाख रुपये दिए थे। महिला ने यह पैसे मृतक को चेक के जरिए वापस किए। लेकिन चेक बाउंस हो गया। जिसके बाद मृतक ने महिला पर कोर्ट में केस कर दिया।

जब महिला को कोर्ट का समन मिला तो महिला और उसके पिता ने मृतक को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी। मृतक ने लिखा है कि लड़की ने उस पर रेप की झूठी शिकायत दर्ज करवा दी। जांच में पता चला है कि लड़की ने सागरपुर थाने में मामला दर्ज करवाया है।