लुटेरी दुल्हनें कपड़ा व्यापारी के घर से 8 लाख के गहने और 7 लाख रुपए नकद लेकर हुईं गायब

Author Picture
By Sharma Published On: April 1, 2021

ग्वालियर में दो लुटेरी दुल्हन की कहानी सामने आई है। दोनों उज्जैन की रहने वाली हैं। सगी बहनें बनकर दोनों ने 3 महीने पहले कपड़ा व्यवसायी के दो भाइयों से शादी की थी। शादी के दो महीने बाद ही घर से 8 लाख रुपए के गहने और 7 लाख रुपए नकद लेकर फरार हो गईं।पीड़ित व्यवसायी ने बिलौआ थाना में दोनों बहू, उनके भाई संदीप मित्तल, रिश्ता कराने वाले सहित अन्य 6 लोगों पर FIR दर्ज कराई है। शादी के समय बताया गया था कि सगी बहनों के माता-पिता की मौत हो चुकी है। शादी कराने के नाम पर 7 लाख रुपए लिए गए थे। जांच में पता चला है कि एक दुल्हन का पहले से ही एक बेटा है। उज्जैन में दोनों दुल्हनों के खिलाफ शादी के बाद धोखाधड़ी की FIR पहले से ही दर्ज है।

बिलौआ थाना क्षेत्र निवासी नागेन्द्र जैन कारोबारी हैं। उनका बिलौआ में कपड़े का व्यवसाय है। दिसंबर 2020 में उन्होंने अपने छोटे भाइयों दीपक जैन और सुमित जैन की शादी उज्जैन निवासी नंदनी मित्तल व रिंकी मित्तल से की थी। रिश्ता दोनों लड़कियों के भाई संदीप मित्तल के सामने तय हुआ था। यह रिश्ता समाज के बाबूलाल जैन ने तय करवाया था। दोनों लड़कियों को वैश्य बनिया बताया गया था। शादी के बाद नंदनी और रिंकी करीब 15 से 20 दिन तक ससुराल रहीं। बाद में मायके चली गईं।