राजधानी में मचा हड़कंप, पुलिस ने पांच घंटे चलाया सर्चिंग अभियान,

Author Picture
By Sharma Published On: March 15, 2021

नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी के करोल बाग इलाके में घेराबंदी कर पांच घंटे तक चलाए तलाशी अभियान में दिल्ली पुलिस ने संदिग्ध रूप से घूम रहे 55 लोगों को हिरासत में लिया है।

अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इस अभियान में अर्धसैनिक बल के कर्मियों सहित 100 कर्मी शामिल थे। यह अभियान रविवार शाम सात बजे से देर रात तक चलाया गया।

पुलिस आयुक्त (मध्य) जसमीत सिंह ने बताया कि घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाने का मकसद आपराधिक कृत्यों में पहले से शामिल संदिग्धों को पकड़ना था।

उन्होंने बताया कि यह अभियान पांच घंटे तक चला। इस दौरान ‘‘ सूचीबद्ध अपराधियों’’ को पकड़ा गया।

सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर दो व्यक्ति शराब पीते पकड़े गए। उन्हें दिल्ली आबकारी अधिनियम के तहत हिरासत में लिया गया है। वहीं, संदिग्ध रूप से घूम रहे 55 अन्य को दिल्ली पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने बताया कि ‘ई-बीटबुक’ की मदद से 59 वाहनों की तलाशी भी ली गई।

किसी विशेष क्षेत्र की ‘ई-बीटबुक’ में संदिग्धों और वांछित अपराधियों का विवरण होता है।

दिल्ली के पटेल नगर, रणजीत नगर और आनंद पर्वत में भी छह मार्च को इसी तरह घेराबंदी करके तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान चार लोगों को लूटपाट आदि के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सार्वजिनक जगह पर शराब पीने के मामले में भी चार लोगों का पकड़ा गया था और संदिग्ध रूप से घूम रहे 82 लोगों को हिरासत में लिया गया था, उनसे पूछताछ जारी है।