MP में एक बार फिर शुरू होगा वैक्सीनेशन महाअभियान, इतने लोगों को टीका लगाने का रखा लक्ष्य

Author Picture
By Sharma Published On: September 15, 2021
covaxin vaccination corona delta plus variant american research

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को प्रदेश के 32.90 लाख लोगों को कोविड-19 रोधी टीके की खुराक लगाने का लक्ष्य रखा है। प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि टीकाकरण में तेजी लाते हुए इसमें उन सभी लोगों को शामिल किया जाएगा जिन्हें अब तक टीका नहीं लगाया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश के अनुसार 17 सितंबर से टीकाकरण के लिए ‘महाअभियान-3’ शुरु किया जाएगा।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक (टीकाकरण) डॉ संतोष शुक्ला ने कहा कि प्रदेश 17 सितंबर को 32.90 लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 26 सितंबर तक प्रदेश की पूरी पात्र आबादी को टीके की कम से कम एक खुराक देने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए भी प्रयास कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर आगामी 17 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी  के कार्यकर्ता देश भर में एक विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को कोविड-19  टीके के लिए प्रेरित करेंगे ताकि एक दिन में टीकाकरण के सभी पुराने रिकार्ड पीछे छूट जाएं। अपने आवास पर इस अभियान की घोषणा करते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर देश भर के पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता टीकाकरण में लोगों की मदद करेंगे। पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘‘स्वास्थ्य स्वयंसेवक’’ अभियान का उल्लेख  करते हुए नड्डा ने कहा कि भाजपा ने स्वास्थ्य व्यवस्था में सहयोग देने के लिए दो लाख गांवों में चार लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार करने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि 43 दिनों में अभी तक पार्टी ने ऐसे 6.88 लाख स्वयंसेवक तैयार किए हैं।