महाकाल मंदिर में वसंतोत्सव, भस्म आरती में चढ़ाई गई सरसों

Author Picture
By Desk Input Published On: February 3, 2025

उज्जैन। ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में आज वसंत पंचमी मनाई जा रही है। सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण को पीतांबर धारण कराकर केसरिया भात का भोग लगाया गया है।

महाकाल मंदिर की परंपरा अनुसार तड़के चार बजे भस्म आरती में वसंत उत्सव मनाया गया। पुजारी ने भगवान महाकाल का केसरयुक्त पंचामृत से अभिषेक किया। भगवान को पीले वस्त्र धारण कराकर पीले फूलों से शृंगार किया गया।

पीले फूल व वासंती गुलाल
पश्चात सरसों के पीले फूल व वासंती गुलाल अर्पित कर आरती की गई। सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण का केसर युक्त जल से अभिषेक कर पीले वस्त्र धारण कराए गए हैं। भगवान को केसरिया भात का भोग लगाकर आरती होगी।

बच्चों का पाटी (स्लेट) पूजन
सांदीपनि आश्रम की परंपरा अनुसार आज पहली बार विद्या अध्ययन की शुरुआत करने वाले बच्चों का पाटी (स्लेट) पूजन कराकर विद्या आरंभ संस्कार संपन्न कराया जा रहा है। मान्यता है भगवान बलराम व श्रीकृष्ण ने भी आश्रम में इसी परंपरा से विद्या अध्ययन की शुरुआत की थी।