मध्यप्रदेश की मंडियों में तौल-कांटे होंगे ई-अनुज्ञा पोर्टल से जुड़े, वजन होगा सीधे ऑनलाइन दर्ज

Author Picture
By Desk Input Published On: October 19, 2024

भोपाल: प्रदेश की मंडियों में तौल-कांटों की जानकारी अब ई-अनुज्ञा पोर्टल पर दर्ज की जाएगी। इसके लिए तौल-कांटों को ई-अनुज्ञा पोर्टल से जोड़ा जाएगा। राज्य मंडी बोर्ड ने तौल की मात्रा को स्वचालित रूप से ई-अनुज्ञा पोर्टल पर कैप्चर करने की प्रक्रिया तैयार करने की योजना शुरू कर दी है।

 

मंडियों में आने वाले किसान अपनी फसल की तौल का सही रिकॉर्ड प्राप्त करेंगे, जिससे उन्हें उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा। साथ ही, व्यापारी द्वारा उठाई गई कृषि उपज की सटीक जानकारी भी दर्ज होगी।

 

गौरतलब है कि प्रदेश में 259 कृषि उपज मंडियां और 298 उप-मंडियां हैं। राज्य मंडी बोर्ड ने इस कार्य के लिए चार सदस्यीय समिति का गठन किया है, जिसमें मंडी बोर्ड के संयुक्त संचालक (नियमन), उप संचालक (प्रांगण), कार्यपालन यंत्री मुख्यालय, और चीफ प्रोग्रामर आइटी शामिल हैं। यह समिति तौल-कांटों को ई-अनुज्ञा पोर्टल से जोड़ने के लिए तकनीकी अध्ययन कर 15 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।