आज होगा योगी मंत्रिमंडल का विस्तार, ये 7 नए मंत्री ले सकते है शपथ

Author Picture
By Sharma Published On: September 26, 2021

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश में लंबे समय से योगी कैबिनेट के विस्तार की अटकलें लगाई जा रही हैं। ताजा खबर यह है कि इन अटकलों से आज विराम लग सकता है। जानकारी के मुताबिक, आज योगी मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। 7 नए मंत्री शामिल किए जा सकते हैं। शपथ ग्रहण भी आज शाम ही हो जाएगा। इसके लिए तैयारियां कर ली गई हैं। रविवार होने के बावजूद राजभवन और मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी कर्मचारियों को बुलाया गया है। वहीं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी अहमदाबाद से लखनऊ के लिए रवाना हो गई हैं। अगले साल के शुरू में होने वाले यूपी चुनाव से पहले यह भाजपा का बड़ा फैसला माना जा रहा है।

योगी सरकार में वर्तमान में 23 कैबिनेट मंत्री, 9 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 21 राज्य मंत्री सहित 53 मंत्री हैं। यानी अभी भी 7 मंत्रियों के लिए स्थान है। अपना दल (सोनेलाल) और निषाद पार्टी के नेताओं को योगी मंत्रालय में स्थान दिया जा सकता है। रमापति शास्त्री का इस्तीफा हो सकता है। पलटूराम को भी योगी के कैबिनेट में जगह मिल सकती है।

निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद को योगी कैबिनेट में स्थान मिल सकता है। बता दें, निषाद पार्टी ने बीते शुक्रवार को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के साथ गठबंधन का ऐलान किया है। भाजपा इस तरह से जातिगत समीकरण भी साधना चाहती है। नए चेहरों को मंत्रिमंडल में स्थान देकर जनता तक संदेश पहुंचाया जाएगा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर चलती है।