154 करोड़ में बना 2900 मीटर लंबा GG फ्लाई-ओवर, आज उद्घाटन

Author Picture
By Desk Input Published On: January 23, 2025

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के सबसे बड़े नव निर्मित फ्लाई ओवर का उद्घाटन करेंगे। 2900 मीटर लंबा फ्लाईओवर 154 करोड़ की लागत से तैयार हुआ है। इस गायत्री मंदिर से गणेश मंदिर तक फ्लाई की शुरुआत से वाहन चालकों को व्यवस्थित यातायात की सुविधा होगी। भोपाल शहर में मैदा मिल मार्ग पर गायत्री मंदिर से डीबी मॉल चौराहा, बोर्ड ऑफिस चौराहा, प्रगति चौराहा से मानसरोवर कॉम्प्लेक्स होते हुए गणेश मंदिर तक निर्मित फ्लाई-ओवर 2900 मीटर लंबा और 15 मीटर चौड़ा है।

यह फ्लाईओवर मैदा मिल मार्ग को विद्या नगर, शक्ति नगर, कस्तूरबा नगर, साकेत नगर, दानिश नगर, आशिमा मॉल और एम्स जैसे प्रमुख रिहायशी और वाणिज्यिक क्षेत्रों को आवागमन में सुविधाजनक होगा। साथ ही औबेदुल्लागंज, नर्मदापुरम, बैतूल, खंडवा और जबलपुर की ओर जाने वाले यात्रियों के लिए भी यह मार्ग को सुगम बनाएगा। इस फ्लाई-ओवर डी.बी. मॉल, बोर्ड ऑफिस, प्रगति पेट्रोल पंप और मानसरोवर चौराहे जैसे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों पर यातायात का दबाव कम करेगा। लोक निर्माण विभाग के प्रारंभिक आंकलन के अनुसार 60% यातायात इस फ्लाई-ओवर से गुजरेगा, जबकि शेष 40% यातायात पुराने मार्गों का उपयोग करेगा।