पेट्राेल पर फूटा गुस्सा युवा कांग्रेस का बाइक की शवयात्रा निकालकर जताया विरोध

Author Picture
By Sharma Published On: January 29, 2021
CONGRESS

ग्वालियर | मध्यप्रदेश पेट्रोल के आसमान छूते दामों से शहर के लोगों में आक्रोश है। शुक्रवार को युवा कांग्रेसियों ने इसे लेकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने बाइक की अर्थी सजाकर बाजार से उसकी शव यात्रा निकाली। इसके बाद लक्ष्मीबाई समाधि मैदान में अंतिम संस्कार किया। इस दौरान केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार विरोधी नारे भी लगाए गए।

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव मितेंद्र दर्शन सिंह व युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने कहा, शहर में पेट्रोल की कीमत 94 रुपए हो गई है। पेट्रोल की कीमत 100 रुपए तक पहुंचने में सिर्फ 6 रुपए का अंतर शेष है। बीते एक साल में पेट्रोल की कीमत में 11 तो डीजल की कीमत में 10 रुपए की वृद्धि हुई है। लगातार बढ़ी पेट्रोल की कीमत से आम जन परेशान है, जबकि पड़ोसी राज्यों में पेट्रोल की कीमत में हमारे राज्य में 10 रुपए का अंतर है। इसी बात से नाराजगी और ज्यादा है। प्रदेश सरकार लगातार टैक्स बढ़ाती चली जा रही है। लगातार बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमत के खिलाफ आक्रोश है।

ये भी पढ़े : इस अलाउंस को लेकर सरकारी कर्मचारियों को होगा बड़ा लाभ  

युवा कांग्रेसियों ने बाइक को अर्थी पर शव की तरह सजाकर दोपहर में शव यात्रा निकाली। यह शव यात्रा फूलबाग से शुरू हुई और उसे कंधा देकर कांग्रेस नेता लक्ष्मीबाई समाधि स्थल तक पहुंचे। वहां बाइक को अर्थी से उतार कर चिता जलाई गई। प्रदर्शन को देखने के लिए भीड़ एकत्रित हो गई थी। मौके पर पुलिस भी मौजूद रही।

Daily Update के लिए अभी डाउनलोड करे : MP samachar का मोबाइल एप