महिला की आलमारी का दरवाजा खोलते ही निकली चीख, जानिए फिर क्या हुआ

Author Picture
By Sharma Published On: August 25, 2024
प्रतिकात्मक फोटो, ai से जनरेट किया गया है

जबलपुर: मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सामने बजरंग नगर कॉलोनी में एक घर में खतरनाक जहरीला सांप करैत घुस जाने से स्वजनों में दहशत फैल गई। घटना के अनुसार, घर की पूजन की आलमारी में छिपा सांप देखकर स्वजन चीख उठे और घर के बाहर भाग गए। तत्परता से सर्प विशेषज्ञ गजेंद्र दुबे को सूचना दी गई। गजेंद्र दुबे मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ दिया।

आलमारी का दरवाजा खोलते ही निकली चीख

सर्पविशेषज्ञ गजेंद्र दुबे के मुताबिक, बजरंग नगर निवासी रेखा दुबे के घर में शाम चार बजे जब वे पूजन कक्ष की आलमारी का दरवाजा खोले, तो वहां एक काले रंग का सफेद पट्टी वाला तीन फीट लंबा सांप देखा। सांप को देखकर रेखा चीखते हुए घर से बाहर निकल गई।

सांप के घर में घुसने से स्वजन दहशत में आ गए। रेखा ने पड़ोसी पूर्णिमा पटेल को जानकारी दी, जिन्होंने तुरंत सर्पविशेषज्ञ को सूचित किया। मौके पर पहुंचकर गजेंद्र दुबे ने सांप को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया। सभी ने सांप के पकड़े जाने पर राहत की सांस ली।

खतरनाक होता है करैत सांप

गजेंद्र दुबे ने बताया कि पकड़ा गया सांप इंडियन कॉमन करैत है, जो भारत में सबसे खतरनाक जहरीले सांपों में नंबर एक पर है। इसमें न्यूरोटॉक्सिन जहर पाया जाता है, जो कोबरा नाग की तुलना में अधिक प्रभावी होता है। इसे आम भाषा में धूमा गरैहटा भी कहते हैं। यह सांप मानवीय अंगों की गर्माहट को पसंद करता है और रात में सोते हुए व्यक्ति के अंग से चिपक सकता है। अगर समय पर इलाज न मिले तो पीड़ित की मृत्यु हो सकती है। इसलिए इसे “साइलेंट किलर” भी कहा जाता है।