ग्वालियर में लिफ्ट देकर बाइक सवार ने महिला के साथ किया दुष्कर्म 

Author Picture
By Sharma Published On: February 1, 2021
gang-raping

ग्वालियर | मध्यप्रदेश ननद को अस्पताल से देखने के बाद घर लौट रही एक महिला को पहचान का एक युवक मिल गया। उसने घर तक लिफ्ट ऑफर की। महिला को लिफ्ट देकर बाइक सवार घर न ले जाते हुए अपने दोस्त के घर लेकर पहुंचा। यहां महिला को बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। सोमवार सुबह महिला को धमकाकर उसके घर के पास छोड़ गया। घटना रविवार रात विक्की फैक्ट्री इलाके की है। महिला ने झांसी रोड थाना पहुंचकर मामले की शिकायत की है। पुलिस ने दुष्कर्म करने वाले एक युवक और उसकी मदद करने वाले 3 दोस्तों पर धमकाने का मामला दर्ज किया है।

बिजौली के मुगलपुरा निवासी 29 वर्षीय महिला की ननद अभी कमला राजा अस्पताल में भर्ती है। रविवार दोपहर महिला टैक्सी लेकर ननद को देखने पहुंची थी। वहां उसे शाम के 6 बज गए। रात होने पर महिला ने घर फोन कर बोल दिया कि वह थाटीपुर ननद के घर के लिए जा रही है वहीं ठहरेगी। कमला राजा अस्पताल से निकल कर महिला टैक्सी पकड़ने केआरजी कॉलेज के पास पहुंची।

ये भी पढ़े :MP में 3629 जूनियर सेल्स मैन की नियुक्ति का रास्ता साफ,इस तारीख को होगी जॉइनिंग जानिए  

यहां काफी समय तक टैक्सी नहीं मिली। इसी समय उसकी पहचान का मनीष कुशवाह वहां से बाइक लेकर निकला। महिला को देखकर वह रूक गया। उसने कहा कि रात हो गई है टैक्सी नहीं मिलेगी। वो उसे उसकी ननद के घर थाटीपुर तक छोड़ देगा। इस पर महिला ने लिफ्ट ले ली। वहां से निकलते ही मनीष ने बाइक विक्की फैक्ट्री की तरफ मोड़ दी। महिला ने विरोध किया तो मनीष ने बताया कि एक दोस्त को लिफाफा देना है और उसके बाद आप को छोड़ दूंगा। इसके बाद मनीष महिला को लेकर विक्की फैक्ट्री में अपने दोस्त रामू के घर पहुंचा। यहां महिला को जबरन अंदर ले गए और बंधक बनाकर मनीष ने रात भर दुष्कर्म किया।

महिला को सोमवार सुबह आरोपी मनीष बाइक पर बैठा कर थाटीपुर में उसके घर के पास छोड़ गया। इसके बाद महिला अपने पति के साथ झांसी रोड थाना पहुंची और मामले की शिकायत की। महिला ने शिकायत की है कि मनीष के अलावा उस घर में उसके दोस्त रामू, राहुल और कृष्णा कुशवाह थे। तीनों दोस्तों ने बंधक बनाने और दुष्कर्म में मनीष की मदद की है। मनीष के दोस्तों ने धमकाया था कि पुलिस में शिकायत की तो पति को जान से मार देंगे। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी फरार हैं।

ये भी पढ़े :प्रदेश में चलेगी शीतलहर, 16 जिलों में अलर्ट, इस शहर में जमी बर्फ

Daily Update के लिए अभी डाउनलोड करे : MP samachar का मोबाइल एप