गाय के मुंह में फटा बम, पुलिस जांच में जुटी

Author Picture
By Desk Input Published On: November 2, 2024

भोपाल। राजधानी के बागसेवनिया इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक गाय के मुंह में बम फट गया, जिससे उसका जबड़ा बुरी तरह घायल हो गया। गुरुवार को हुई घटना के बाद जिसने भी गाय की हालत देखी, उसका दिल दहल गया। घायल गाय का पशु चिकित्सालय में उपचार कराया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद बागसेवनिया थाना पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक बागमुगालिया निवासी राजू पटेल पशु पालक हैं। गुरुवार सुबह उनकी गाय घर के पास चर रही थी, तभी उन्हें घर के बाहर बम के धमाके की आवाज सुनाई दी। वह दौड़कर बाहर पहुंचे तो देखा कि गाय के मुंह से खून बह रहा है और उसका जबड़ा बुरी तरह से टूट गया है। वह तुरंत उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टर ने बताया कि गाय के जबड़े में चोट बम के फटने से आई है।

आशंका जताई जा रही है कि किसी ने दिवाली पर बम को जलाकर घास पर फेंका होगा, जो उस वक्त नहीं फटा। बाद में गाय द्वारा घास चरने के दौरान यह बम उसके मुंह में आ गया और चबाने के दौरान फट गया होगा। गाय की हालत गंभीर बताई जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।