सिंधिया के गढ़ में CM मोहन यादव का बार-बार दौरा, सिंधिया के न आने की चर्चाएं

Author Picture
By Desk Input Published On: November 11, 2024

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जुलाई से अब तक विजयपुर क्षेत्र का सात बार दौरा किया है। इस दौरान देखा गया कि वे लगातार उपचुनाव को लेकर विजयपुर पहुंच रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, श्योपुर रोड के स्थानीय निवासियों का मानना है कि मुख्यमंत्री ने इस चुनाव को अपनी प्रतिष्ठा का मुद्दा बना लिया है। उनके अनुसार, इतने बार किसी मुख्यमंत्री का यहां आना असामान्य है। लोगों का कहना है कि दोनों पार्टियों ने अपने सभी बड़े और छोटे नेताओं को चुनावी मैदान में उतार दिया है। इसी बीच लोगों ने सवाल उठाया कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया क्यों नहीं आए। उनकी अनुपस्थिति चुनावी चर्चा का विषय बन गई है।

2023 के चुनाव में श्योपुर जिले की विजयपुर सीट से कांग्रेस के रामनिवास रावत विजयी हुए थे। बाद में, लोकसभा चुनाव के दौरान उन्होंने विधायक पद से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया, जिसके बाद से विजयपुर विधानसभा सीट खाली है। 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में शिवराज सिंह चौहान ने जीत हासिल की थी। लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें सांसदी का टिकट दिया, जिसमें वे विजयी हुए। इसके कारण उन्हें बुधनी विधानसभा से इस्तीफा देना पड़ा।