दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे विमान की इंदौर में हुई इमरजेंसी लैंडिंग,ये है कारण 

Author Picture
By Sharma Published On: November 23, 2021

इंदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार देर रात दिल्ली से बेंगलुरु जा रहे विमान की मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग करना पड़ी। दरअसल, विमान में सवार एक महिला यात्री को सीने में दर्द होने पर विमान को यहां उतारना पड़ा। महिला यात्री को तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। जांच में सब ठीक पाया गया।

एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक विस्तारा एयर लाइंस की दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली उड़ान यूके-807 के पायलट ने रात करीब 9.45 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से संपर्क करते हुए मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान में सवार एक महिला यात्री को सीने में दर्द और घबराहट हो रही है। ततकाल विमान को लैंडिंग करने की अनुमति दी। साथ ही एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी अलर्ट भी जारी किया गया। एम्बुलेंस और डाक्टर को तैयार किया गया। विमान रात 10.07 बजे एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। इसके बाद महिला यात्री रनिता सरकार को तुरंत एम्बुलेंस में शिफ्ट कर नजदीकी बांठिया अस्पताल ले जाया गया। महिला यात्री को उतारने के बाद विमान 11 बजे बैंगलुरु के लिए रवाना हुआ।

 

प्रबन्धन के मुताबिक अस्पताल में महिला की जांच में सबकुछ सामान्य पाया गया। डाक्टरों के अनुसार एसिडिटी के कारण महिला यात्री को सीने में दर्द और घबराहट हो रही थी। विस्तारा के अधिकारियों ने उनके स्वजन से संपर्क कर यात्री के स्वास्थ्य की जानकारी दी।