MP में जंगली हाथियों के झुंड ने पिता समेत दो बच्चों को कुचला भड़के ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

Author Picture
By Sharma Published On: February 23, 2021

सीधी |  मध्य प्रदेश के सीधी, सतना और छिंदवाड़ा जिलों में बीते कुछ महीनों से हाथियों ने आतंक मचा रखा है. उनके आतंक का शिकार इस बार सीधी जिले के तीन व्यक्ति हुए, जिनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं. छत्तीसगढ़ के जंगलों से सोमवार देर रात हाथियों का झुंड आया और गांव के एक पिता और उसके दो पुत्रों को कुचलता हुआ वहां से चले गया

मामला सीधी जिले के आदिवासी क्षेत्र खेरी गांव का है. जहां सोमवार देर छत्तीसगढ़ के जंगलों से हाथियों का झुंड आया और पिता समेत दो मासूमों को कुचलता हुआ चला गया. बता दें कि इस इलाके में हाथियों के हमले का यह कोई पहला हमला नहीं है. दो दिन पहले रविवार को भी जंगली हाथियों के झुंड ने खाने की तलाश में गांव वालों के दो कच्चे मकानों को तोड़ दिया था

बताया गया है कि हाथी छत्तीसगढ़ के संजय टाइगर रिजर्व के थे. इस इलाके में आने वाले मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के दर्जनभर गांववासी हाथियों की दहशत में ही अपना जीवन यापन कर रहे हैं. दो दिन पहले हुए हमले में हाथी घर में रखा खाना खा गए, बर्तनों को तोड़ दिया, यहां तक कि घर में मौजूद कपड़े, कुर्सियां, चारपाई समेत बिजली मीटर को भी क्षतिग्रस्त कर गए थे