ग्वालियर में नाबालिग लड़की की राजस्थान में कराई शादी, रिश्तेदार दोनों बुआ गिरफ्तार, केस दर्ज

Author Picture
By Sharma Published On: December 29, 2020

ग्वालियर | शहर की झांसी रोड पुलिस ने नाबालिग लड़की की जबरन शादी कराने के आरोप में उसकी दो महिला रिश्तेदारों को गिरफ्तार किया है। दोनों लड़की की बुआ हैं। मामले में तीसरे आरोपी और नाबालिग के कथित पति की तलाश की जा रही है।

नाका चंद्रवदनी निवासी 16 वर्षीय किशोरी की शादी 2017 में उसकी बुआ ने राजस्थान के युवक से करा दी थी। यह शादी किस लालच में की गई थी, यह फिलहाल साफ नहीं हो सका है। लड़की कुछ समय पहले नानी के निधन पर कथित पति के साथ आई थी, तब उसने मामले का खुलासा किया था। किशोरी ने झांसी रोड थाना पहुंचकर बताया था कि उसके नाबालिग होने के दौरान बुआ ने जबरन उसकी शादी कोटा में रहने वाले युवक से करा दी थी।

कुछ समय तक लड़की कथित पति के साथ रही। इस दौरान उसके कथित पति ने लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसने किसी तरह पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने मामले में लड़की की दोनों बुआ और उसके कथित पति के खिलाफ दुष्कर्म, अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। दोनों बुआ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पता चला है कि बचपन में ही लड़की के माता-पिता का देहांत हो गया था, इस वजह से लड़की बुआ के पास ही पली-बढ़ी थी।