एमपी उपचुनाव प्रचार का दौर थमा, 30 को होगी बीजेपी-कांग्रेस के बीच चुनावी जंग

Author Picture
By Sharma Published On: October 28, 2021
CONGRESS

भोपाल। मध्य प्रदेश में लोकसभा की एक एवं विधानसभा की तीन सीट पर 30 अक्टूबर को होने जा रहे उपचुनाव के लिए बुधवार शाम छह बजे चुनाव प्रचार थम गया। इन चारों सीटों पर कुल 48 प्रत्याशी मैदान में हैं और मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा तथा विपक्षी कांग्रेस के बीच है। इन चार सीटों में से खंडवा लोकसभा सीट सहित दो सीटों पर भाजपा का कब्जा था जबकि बाकी दो सीट कांग्रेस के पास थीं। निर्वाचन आयोग के अधिकारियों ने बताया कि खंडवा लोकसभा सीट और तीन विधानसभा सीट- अलीराजपुर जिले की जोबट (एसटी), सतना जिले की रैगांव (एससी) और निवाड़ी जिले की पृथ्वीपुर सीट के लिए 30 अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा।

 

 

दो नवंबर को मतों की गिनती होगी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा एवं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के आला नेताओं ने अपनी-अपनी पार्टी के लिए वोट मांगने के लिए आज और अधिक तूफानी चुनाव प्रचार किया।मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज, केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रह्लाद पटेल एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती एवं मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वी डी शर्मा ने भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे। वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित अन्य पार्टी नेताओं ने कांग्रेस के उम्मीदवारों को जिताने की लोगों से अपील की।

 

 

इन चारों सीटों पर कुल 26,50,004 मतदाता हैं, जो 3,944 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। इनमें से 865 मतदान केन्द्र संवेदनशील हैं। 874 केन्द्रों पर वेबकॉस्टिंग और 361 मतदान केन्द्रों पर सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। खंडवा और रैगांव में 15 से अधिक उम्मीदवार होने के कारण वहां पर प्रत्येक मतदान केन्द्र पर दो-दो बैलट यूनिट का उपयोग हो रहा है।