MP उपुचनाव को लेकर मतदान के लिए पोलिंग पार्टियां हुई रवाना

Author Picture
By Sharma Published On: October 29, 2021

खंडवा। लोकसभा उपचुनाव को लेकर मतदान 30 अक्टूबर को होगा। मतदान कल सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक होगा और 2 नवंबर को परिणाम आएंगे।मतदान के लिए दलों को सामग्री का वितरण शुक्रवार को किया गया। सुबह करीब 9 बजे से मतदान दल ईवीएम लेकर केंद्रों के लिए रवाना होने लगे। पहली बार शहर से बाहर हरसूद रोड पर ग्राम नहलदा के नवीन आदर्श महाविद्यालय में मतदान सामग्री वितरण के लिए निर्वाचन कार्यालय द्वारा व्यवस्था की गई है। मतदान दलों को यहां पहुँचने के लिए मशक्कत के सामना करना पड़ा।

 

वाहनों के दबाव की वजह से सुबह से हरसूद रोड पर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे मतदानकर्मियों को वाहनों से उतरकर पैदल महाविद्यालय तक आना पड़ा। जिले के 1080 बूथ पर 30 अक्टूबर को मतदान होना है। इसमें खंडवा मान्धाता और पंधाना विधानसभा के बूथ शामिल हैं। उपचुनाव के लिए 4500 से अधिक मतदान कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर 4000 पुलिस कर्मियों का बल तैनात किया गया है।

 

क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जा रहा है। विदित हो कि खंडवा लोकसभा क्षेत्र में आठ विधानसभा पर उपचुनाव होना है इनमें बागली, खंडवा पंधाना, मांधाता, बड़वाह, बुरहानपुर नेपानगर और भीकनगांव विधानसभा शामिल है।