MP के इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना

Author Picture
By Sharma Published On: October 17, 2021

भोपाल। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र आंध्र कोस्ट के आसपास सक्रिय है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक इस सिस्टम के असर से मध्यप्रदेश में कुछ स्थानों पर बौछारें पड़ने लगी हैं। रविवार को भोपाल, इंदौर, होशंगाबाद, जबलपुर, रीवा, शहडोल संभागों के जिलों में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि आंध्र कोस्ट के आसपास सक्रिय सिस्टम के कारण मध्यप्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश होने का सिलसिला शुरू हो गया है। इसके असर से रविवार को मध्यप्रदेश के अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शुक्ला ने बताया कि वर्तमान में हवाओं का रुख पूर्वी हो जाने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। रुक-रुककर बारिश होने का सिलसिला 19 अक्टबूर तक बना रह सकता है। इसके बाद मौसम साफ होने के बाद वातावरण में ठंड बढ़ने के भी आसार हैं

मौसम विज्ञानी ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक जबलपुर में 1.2 मिलीमीटर बारिश हुई। राजधानी में शाम ढलने के बाद अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ीं। राजधानी का अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री से. अधिक रहा। साथ ही शुक्रवार के अधिकतम तापमान (32.8 डिग्रीसे.) की तुलना में एक डिग्री से. अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य रहा एवं शुक्रवार के न्यूनतम तापमान (16.2 डिग्रीसे.) की तुलना में 2.5 डिग्रीसे. अधिक रहा।