तेज रफ्तार कार ने भीड़ को मारी टक्कर, 4 लोग घायल

Author Picture
By Sharma Published On: October 17, 2021

भोपाल। छत्तीसगढ़ के बाद अब भोपाल में भी तेज रफ्तार कार विसर्जन जुलूस में घुस गई। ​​हांलाकि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई,लेकिन इस हादसे में 3 से 4 लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। जानकारी के अनुसार बजरिया क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान शनिवार देर रात भोपाल स्टेशन के पास विसर्जन जुलूस में सिरफिरे ने अपनी तेज रफ्तार कार घुसा दी। जिसमें कई लोग घायल हो गए है।

 

तेज रफ्तार कार विसर्जन जुलूस में घूसते ही लोग घबरा गए। वहीं भीड़ में भगदड़ मच गई। भगदड़ के बाद ड्राइवर घबरा गया और जान बचाने के लिए अपनी कार को तेजी से रिवर्स कर भागने लगा। इस दौरान उसने एक युवक को चपेट में ले लिया। नवयुवक दुर्गा उत्सव समिति चांदवड के सदस्य ने बताया कि इस हादसे में घायल युवक का नाम रोशन शाक्य है। उसकी उम्र 20 साल के आसपास है और वह मजदूरी करता है।

 

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बजरिया स्टेशन तिराहे पर एक कार के द्वारा झांकी में सम्मिलित एक लड़के को टक्कर मार दी थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर घायल बच्चे को हॉस्पिटल पहुंचा दिया है। बच्चे को मामूली चोट आई है। उसका इलाज करा दिया गया है। पुलिस जांच में लगी है। कार का नंबर निकलने के लिए आसपास के कैमरे देखे जा रहे है। घटनास्थल से सभी झांकियो को निकाल दिया है।