कलेक्टर के साथ हुई 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी,ये है पूरा मामला 

Author Picture
By Sharma Published On: November 11, 2021

भोपाल। भोपाल में एक रिटायर्ड कलेक्टर के साथ धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने एटीएम कार्ड ब्लाक होने के झांसा देकर 12 लाख रुपए दूसरे के खाते में ट्रांसफर करा दिए। इसमें वह करीब 5 लाख रुपए निकलने में सफल रहा, जबकि शिकायत के बाद पुलिस ने शेष रुपए सीज करा दिए। करीब एक साल बाद क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में एफआईआर की है।

 

मामले की जांच कर रहे साइबर सेल के एसआई शेष नाथ ने बताया कि ई-7 अरेरा कॉलोनी में रहने वाली 65 साल की मनी जैन पति सुभाष जैन रिटायर्ड कलेक्टर हैं। उन्होंने एक साल पहले धोखाधड़ी की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि 16 जुलाई 2020 में उन्हें एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह बैंक से बोल रहा है।

 

 

उसने खाते संबंधी की कुछ जानकारी उन्हें बताई। ऐसे में उन्हें लगा कि वह सच में बैंक से ही बोल रहा है। उसने कहा कि कुछ तकनीकी कारणों से उनका एटीएम कार्ड ब्लाक हो गया है। इसके दोबारा चालू करने के लिए वह कुछ जानकारी लेगा। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। उसके बातें करने के दौरान एक ओटीपी आया।

 

उसके कहने पर उन्होंने उसे वह ओटीपी नंबर उसे बता दिया। कुछ देर बाद ही उनके खाते से करीब 12 लाख रुपए दूसरे खाते में ट्रांसफर होने का मैसेज आया। उन्होंने तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने उनकी शिकायत पर बैंक से संपर्क कर खाते को सीज करा दिया, लेकिन तब आरोपी करीब 5 लाख रुपए निकाल चुका था। एसआई शेष नाथ ने बताया कि जिस खाते में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, वह खाता झारखंड का है। बैंक की जानकारी के आधार पर उक्त खाता धारक का पता लगाने के लिए झारखंड जाएंगे। उसके बाद ही खाते और खाता धारक के बारे में पता चल पाएगा।