पत्नी ने पति पर 24 साल बाद दर्ज कराया दुष्कर्म का मामला

ग्वालियर। ग्वालियर के बहोड़ापुर में एक अनोखा मामला दर्ज हुआ है। शादी के 24 साल बाद एक महिला को पता लगा कि जिससे उसने लव मैरिज की थी वह पहले से शादी शुदा है। पहली पत्नी से दो बेटियां एक बेटा है। अक्सर पति बिजनेस मीटिंग के नाम पर चार-चार दिन बाहर रहने की कहता था तो वह उस समय पहली पत्नी के पास होता था। जब महिला ने उसे धोखे से शादी करने का विरोध किया तो पति ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। साथ ही घर से निकाल दिया। पीड़ित महिला थाने पहुंची तो पुलिस ने सिर्फ दहेज प्रताड़ना की FIR कर दी, लेकिन महिला दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने पर अड़ी थी। इसके बाद वह SSP ग्वालियर से मिली उन्होंने ASP को जांच सौंपी। आखिरकार जांच के बाद शनिवार रात इस मामले में रेप का मामला महिला के पति पर दर्ज हुआ है। अभी तक का यह सबसे अलग मामला है।

 

 

बानमोर मुरैना निवासी 55 वर्षीय दुर्गेश (बदला हुआ नाम) ने पूरी कहानी सुनाई है। साल 1998 में जब वह बानमोर में रहकर पढ़ाई कर रही थी तो उसकी मुलाकात ग्वालियर के हरिशंकरपुरम निवासी अजय भारद्वाज से हुई। अजय ने उससे दोस्ती की और प्यार का इजहार किया। महिला को भी अजय पसंद था इसलिए उन्होंने उसके प्यार को कुबूल कर लिया। अजय ने प्यार का इजहार करते समय बताया था कि वह कुंआरा है और प्रॉपर्टी का कारोबार करता है। साथ ही महिला को जिंदगीभर सुरक्षा देने का आश्वासन दिया था। महिला ने कहा ठीक है परिवार की मर्जी से दोनों शादी कर लेंगे। इस पर अजय ने कहा कि उसके मां-पिता ग्रामीण पृष्टभूमि से हैं वह लव मैरिज नहीं समझते हैं। अभी हम शादी कर लेते हैं और बाद में उनको समझा देंगे। इसके बाद दोनों ने वेदमाता गायत्री ट्रस्ट रजिस्टर्ड शांतिकुंज हरिद्वार की ब्रांच आगरा यूपी में शादी कर ली। इसके बाद महिला की मां की तबीयत ठीक न होने पर अजय बहोड़ापुर में महिला के घर पर ही रहने लगा और वहीं उससे महिला ने दो बेटों को जन्म दिया। शादी के 24 साल तक सब ठीक रहा। पर अभी कुछ समय पहले दुर्गेश को पता लगा कि उसका पति उसे बीते 24 साल से धोखा दे रहा है। सन 1998 में जब उसने खुद को कुंआरा बताकर उससे शादी की थी तो वह कुंआरा नहीं था। उसकी शादी हो चुकी थी। उसकी पहली पत्नी का नाम रजनी है। उसकी दो बेटियां व एक बेटा है। यह पता चलते ही महिला ने विरोध किया तो पति ने उसे पीटना शुरू कर दिया। वह घर से निकालने पर आ गया।

 

पीड़िता दुर्गेश बहोड़ापुर थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत कर कहा कि पति ने उसे धोखे में रखकर शादी की और लगातार 24 साल तक शारीरिक शोषण करता रहा। इस पर पुलिस ने सिर्फ घरेलु हिंसा का मामला दर्ज कर उसे भगा दिया, जबकि महिला के दोनों बेटे जवान हो गए हैं और शादी की उम्र हो गई है। ऐसे में महिला पीछे हटने वाली नहीं है। महिला ने SSP ग्वालियर से शिकायत की। उन्होंने मामले की जांच एएसपी को सौंपी। एएसपी शहर ने मामले की जांच की तो महिला के सभी आरोपों की पुष्टि हुई। इस मामले में एएसपी की जांच के बाद शनिवार को शादी के 24 साल बाद बहोड़ापुर थाने में आरोपी पति के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। सीएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि एक महिला ने शिकायत की थी कि उसके पति ने 24 साल पहले उससे अपनी शादी की बात छुपाकर लव मैरिज की और लगातार शारीरिक व मानसिक शोषण किया। जिस पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में भी मामला दर्ज कर लिया गया है।

error: Content is protected !!
Exit mobile version