नेपाल और चीन की सीमा पर स्थित शिजांग इलाके में ग्लेशियर टूटने की एक भयावह घटना सामने आई है। एक पर्यटक द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में पहाड़ से बर्फ का बड़ा हिस्सा गिरते हुए साफ देखा जा सकता है, जिसके बाद मलबे का एक विशाल सैलाब आ गया।
20 किलोमीटर के दायरे में फैला मलबा
ग्लेशियर के टूटने से पैदा हुआ बर्फ और चट्टानों का मलबा 20 किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में फैल गया, जो ग्यिरोंग पोर्ट तक पहुंच गया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, इस आपदा का असर करीब 100 किलोमीटर के निचले इलाकों तक महसूस किया गया है।
नई झील से मंडराया खतरा
इस आपदा के कारण बनी अस्थायी झील ने अब प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस झील के कारण भविष्य में एक और बड़ी बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है, जिससे आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की आवश्यकता है।