महंत ने सर्किट हाउस में नाबालिग से किया रेप, फिर जबरदस्ती पिलाई शराब

Author Picture
By Sharma Published On: March 30, 2022

रीवा। रीवा में एक महंत पर नाबालिग (16 साल) से रेप का आरोप लगा है। ये वारदात शहर के सबसे पॉश इलाके राजनिवास (सर्किट हाउस) में हुई। 28 मार्च की शाम आरोपी एनेक्सी भवन रूम नंबर-4 में ठहरा हुआ था। इस दौरान महंत की जान-पहचान का हिस्ट्रीशीटर बदमाश लड़की को वहां लेकर गया। किशोरी को यह कहा गया था कि महंत उसके बिगड़े काम बना देगा। किशोरी को वहां पहले शराब पिलाने की कोशिश की गई। फिर गुंडा और उसका साथी रूम का दरवाजा बंद कर निकल गए और महंत ने ये वारदात की। रूम हिस्ट्रीशीटर के नाम पर ही बुक था। आरोपी महंत श्रीराम जन्मभूमि न्यास के पूर्व सदस्य व पूर्व सांसद रामविलास वेदांती का शिष्य है।

एएसपी शिवकुमार वर्मा के अनुसार सोमवार शाम अकौरी (थाना नईगढ़ी) निवासी विनोद पांडेय के बुलाने पर किशोरी सतना से रीवा आई थी। किशोरी को झांसा देकर महंत से मिलने सर्किट हाउस लाया गया था। उसे पहले सैनिक स्कूल के पास बुलाया गया। फिर वहां से गाड़ी के जरिए सर्किट हाउस के अंदर लाया गया। नाबालिग को महंत सीताराम उर्फ समर्थ त्रिपाठी से विनोद पांडेय ने मिलवाया।

जानकारी देते हुए पीड़िता ने बताया कि वहां महंत, विनोद और एक अन्य आरोपी शराब पार्टी कर रहे थे। उसे भी शराब पिलाना चाही। उसके मना करने पर विनोद और दूसरा शख्स बाहर से रूम बंद कर चले गए। महंत ने गलत काम करने के बाद अपने चेलों से उसे घर छोड़ आने को कहा। हिस्ट्रीशीटर ने उसे धमकाया कि किसी को कुछ नहीं बताना। सर्किट हाउस के बाहर उसकी जान-पहचान वाले मिल गए। उन्होंने उसे आरोपियों से छुड़ाया। इसके बाद वह सतना चली गई। 29 मार्च की शाम पिता के साथ रीवा के सिविल थाने पहुंचकर केस कराया।