भिंड। शहर के मेला ग्राउंड के पास रहने वाले जगत सिंह बघेल की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी ममता बघेल को पुलिस ने अरेस्ट किया है। ममता ने बेटे हेमंत बघेल से पति की हत्या कराई थी। बेटे को कहा था- पिता के सिर पर दो गोली मारना, बचने की कोई गुंजाइश नहीं रहे…। बेटे ने ऐसा ही किया। बेटे के अलावा उसके दोस्त को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ममता के कई जान-पहचान वाले हैं। लोग मिलने-जुलने आते थे। यह बात पति को पसंद नहीं थी। पति रोकता-टोकता था, इसीलिए ममता 6 महीने से उसे ठिकाने लगाने की साजिश रच रही थी। घटना 26-27 मार्च की दरम्यानी रात की है। जगत सिंह घर के बाहर सोया हुआ था, तभी उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। ममता इतनी शातिर है कि उसने एक तीर से दो निशाने साधे। हत्या की एक वजह तो पति की रोक-टोक है, दूसरा यह कि उसकी बेटी का ससुरालवालों से दहेज का केस चल रहा है। ऐसे में उसने हत्या का आरोप दामाद और उसके जीजा पर मड़ दिया था। वो चाह रही थी कि केस में राजीनामे के नाम पर दामाद से मोटी रकम वसूल लेगी।
भिंड एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि जगत सिंह की हत्या के बाद ममता ने बयान में कहा था कि दामाद राजीव ने धमकी दी थी कि दहेज केस में राजीनामा कर लो। गवाही दी तो जान से मार देंगे। उसने पूरा सीन क्रिएट किया था। खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताकर कहा था कि रात में गोली की आवाज सुनकर वह बाहर आई तो राजीव और उसका जीजा और एक अन्य व्यक्ति हत्या करके भाग रहे थे। ममता ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कराने के लिए 12 घंटे तक शव का पीएम रोके रखा था। समाज के लोगों के साथ घर के बाहर धरना तक दिया था। पुलिस ने जब पड़ताल की तो घटना वाले दिन आरोपी दामाद की लोकेशन भोपाल में मिली। ग्वालियर के रहने वाले उसके जीजा की भी लोकेशन भिंड में नहीं मिली। इस बीच पुलिस के हाथ रामू राठौर लगा। वह हथियार रखता और बेचता था। उसने ही बताया कि जगत के बेटे हेमंत और उसका दोस्त कुछ दिन पहले उससे कट्टा लेकर गए थे। हेमंत को पकड़ा गया तो उसने सारी सच्चाई बता दी।
पुलिस के मुताबिक ममता पति की हत्या की साजिश 6 महीने से रच रही थी। उसने हत्या और उसके बाद का पूरा प्लान तैयार कर रखा था। बेटे को सख्त हिदायत दे रखी थी कि वह वारदात के बाद मोबाइल का इस्तेमाल नहीं करे। हेमंत ने अपने दोस्त सुग्रीव राठौर को पिता की दुष्टता के किस्से सुनाकर हत्या के प्लान में शामिल किया था। इसके बाद रात के समय हेमंत और उसका दोस्त प्लान के मुताबिक आए और जगत सिंह की हत्या के बाद फरार हो गए थे। बेटे ने हत्या की कहानी कबूल ली थी, लेकिन ममता को पुलिस ने उठाया तो उसने पूरी कहानी को झूठा बताया। बोली कि मुझे पता नहीं कि मेरे बेटे ने ही हत्या की है। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके बेटे को आमने-सामने बैठाया। महिला ने फिर कहा कि बेटे ने हत्या की है, ये बात मुझे पता नहीं है। इसके बाद बेटा भी मां पर भड़क गया और बोला कि मुझे फंसा दिया है और खुद साफ बन रही हो।
Recent Comments