मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, इस राज्य में बारिश के आसार

Author Picture
By Sharma Published On: April 17, 2022

रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने रविवार को छत्‍तीसगढ़ प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। शनिवार को रायपुर का अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों ही सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यहां अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सबसे ज्यादा 43.4 डिग्री सेल्सियस तापमान बलौदाबाजार का रहा।

वहीं शनिवार शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच को जगदलपुर में मौसम ने करवट ली। यहां तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश के साथ साथ ही ओले भी गिरे। बारिश इतनी अधिक थी कि कार समेत अन्य बड़े वाहनों को सड़क पर ही रोकना पड़ा। वहीं बारिश से पहले आए तेज अंधड़ के चलते शहर के कई जगह पेड़ और कई जगह बिजली के खंभे भी गिरे। कई घंटों तक शहर में बिजली भी गुल रही। बिजली विभाग के कर्मचारी मरम्‍मत करने जुटे रहे। हालांकि कुछ देर की बारिश के बाद जनजीवन प्रभावित रहा। इस बारिश से जगदलपुर का मौसम खुशनुमा हो गया, जिससे लोगों ने गर्मी और उमस से राहत की सांस ली।

 

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि एक द्रोणिका मध्य छत्तीसगढ़ से दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक तक बनी है। इन दिनों प्रदेश के उत्तर में पश्चिमी और दक्षिण में दक्षिणी हवा आ रही है। इसके प्रभाव से ही रविवार को हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ सकते है।