अनियंत्रित वैन 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी, 2 की मौत, 14 घायल

Author Picture
By Sharma Published On: July 14, 2022

बुरहानपुर। पहाड़ी से उतर रही वैन पर पत्थर और मलबा गिरने से वह अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 2 महिलाओं की मौत हुई है, वहीं 14 घायल हुए हैं। इनमें 8 बच्चे हैं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा बुधवार दोपहर 3.30 बजे हुआ। बुरहानपुर के मोमीनपुरा से एक ही परिवार के 16 सदस्य वैन एमपी-68 सी-2832 से पिकनिक मनाने असीरगढ़ गए थे। मौसम खराब होने और तेज बारिश के कारण परिवार दोपहर 3.30 बजे वापस लौटने के लिए निकला। वैन नीचे उतर रही थी, तभी पहाड़ी से पत्थर और मलबा वैन पर गिरा। इससे वैन अनियंत्रित हो गई और सीधे खाई में जा गिरी। कई पलटियां खाने के बाद 200 फीट की गहराई में रुकी।

पीछे से आ रहे कुछ पर्यटकों ने हादसा देखकर ग्राम असीर में सूचना दी। यहां से लोग मदद के लिए पहुंचे। हादसे में लेलातुननिशा (45) पिता जाबिर की मौत हो गई। जिला अस्पताल से निजी अस्पताल ले जाते समय हिना खातून (28) ने भी दम तोड़ दिया। लोगों ने रस्सी डालकर 14 लोगों को बचाया। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण यहां जमा हो गए। पुलिस और प्रशासन की टीम लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। सभी को रस्सी की मदद से खाई से बाहर निकाला। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बात दे, परिवार असीरगढ़ में ईद की खुशी पर पिकनिक मनाए गए थे। अस्पताल में भर्ती एक घायल मोहम्मद सिद्दीक ने बताया हम पिकनिक मनाकर वापस आ रहे थे, तभी पहाड़ी से पत्थर और मिट्टी गिर रही थी। इसके कारण कार स्लिप हो गई और खाई में जा गिरी।