पंचमढ़ी में सेल्फी लेते समय 20 फीट गहरी खाई में गिरा श्रद्धालु

Author Picture
By Sharma Published On: August 2, 2022

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम के पचमढ़ी रोड पर देनवा दर्शन खाई पर हादसा हो गया। प्रतिबंधित क्षेत्र में छिंदवाड़ा जिले का एक युवक सेल्फी लेते समय देनवा नदी की खाई में गिर गया। युवक गिरने के दौरान 20 फीट गहराई में जाकर फंस गया। सूचना पर पचमढ़ी पुलिस पहुंची और युवक की तलाश शुरू की, जो 20 फीट नीचे पेड़ों के पास दर्द से तड़पता मिला।

 

थाना प्रभारी रूपलाल उईके और उनकी टीम ने घायल युवक को स्ट्रेचर पर रखकर 20 फीट ऊपर लेकर आए। फिर पचमढ़ी अस्पताल लेकर गए। चोटों अधिक होने से उसे प्राथमिक उपचार के बाद पिपरिया रेफर किया।

 

जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया घायल संजय कापसे निवासी ग्राम देवी रामाकोना जिला छिंदवाड़ा है, जो बाइक से नागद्वारी मेले पचमढ़ी में जा रहा था। देनवा दर्शन पहाड़ी के पास सेल्फी ले रहा था। हमें सूचना मिली कि एक व्यक्ति देनवा दर्शन पर खाई में गिर गया है। हम मौके पर पहुंचे। जहां एक बाइक खड़ी मिली। हमने थोड़ा नीचे उतरकर देखा तो खाई में 20 फीट नीचे घायल पड़ा दिखा। एम्बुलेंस बुलाकर स्ट्रेचर के सहारे उसे करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद उसे ऊपर लेकर आए। घायल सुरक्षित है। पिपरिया में उसका इलाज जारी है। देनवा दर्शन की खाई के पाइंट पर जाना और फोटो खिंचना प्रतिबंधित है। बावजूद रोजाना कई लोग नियमों को तोड़ वहां पहुंचते हैं। जान जोखिम में डाल सेल्फी फोटो लेते हैं।