महिला को शादी का झांसा देकर होटल में किया दुष्कर्म

Author Picture
By Sharma Published On: September 24, 2022

भोपाल। कोहेफिजा थाना इलाके में शादी का झांसा देकर होटल में महिला से दुष्कर्म कर फरार हुए आरोपित युवक के खिलाफ पुलिस ने जालसाजी, धोखाधड़ी का एक और केस दर्ज किया है। आरोपित ने दुष्कर्म के केस में जमानत कराने के लिए जबलपुर हाईकोर्ट में एक निकाहनामा पेश किया था। जांच में वह फर्जी पाया गया। हाईकोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपित पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।

 

कोहेफिजा थाने के एसआइ प्रदीप गुर्जर ने बताया कि वर्ष–2021 में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसमें बताया था कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उसका परिचय मुंबई के इस्माइल सैयद से हुआ था। परिवार की सहमति से इस्माइल सैयद से शादी करने की बात तय की गई थी। वीआइपी रोड स्थित एक होटल के कमरों को शादी के लिए बुक किया गया था। तय समय पर इस्माइल सैयद अकेला होटल में आया था। निकाह पढ़ने के लिए स्वयं काजी को बुलाने का बहाना बनाते हुए उसने समय गुजार दिया था। इसके बाद उसने शादी करने का भरोसा देते हुए होटल में महिला के साथ दुष्कर्म कर दिया था। इसके बाद मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर गायब हो गया था।

 

 

महिला की शिकायत पर पुलिस ने इस्माइल सैयद के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर लिया था। इस्माइल तभी से फरार चल रहा है। इस बीच इस्माइल ने अपने वकील के माध्यम से जबलपुर हाईकोर्ट में अर्जी लगाई थी। उसमें महिला के साथ उसका सात सितंबर 2020 में निकाह होने का दावा किया गया। साथ ही नागपुर में बना निकाहनामा भी लगाया गया था। संदेह होने पर कोर्ट ने निकाहनामे की जांच करवाई, तो वह फर्जी निकला। इसके बाद हाईकोर्ट के आदेश पर फरार आरोपित इस्माइल सैयद के खिलाफ जालसाजी, धोखाधड़ी करने का भी केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।