महिला यात्रियों से भरी नाव पलटी, 4 महिलाओं की मौत

Author Picture
By Sharma Published On: October 17, 2022

मंदसौर। मंदसौर जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर चंबल नदी में महिला यात्रियों से भरी नाव पलट गई। हादसे में 4 महिलाओं के शव बरामद किए गए हैं, जबकि एक महिला अभी भी लापता हैं। एक महिला, एक लड़की और एक पुरुष ने किसी तरह तैरकर नदी से निकलकर अपनी जान बचाई। हादसा रविवार शाम गांधीसागर बांध के बैक वॉटर में हुआ। मामला शामगढ़ थाना क्षेत्र के तोलाखेड़ी गांव का है। शामगढ़ के पास तोला खेड़ी गांव में खेत से काम करके 8 लोग लौट रहे थे। इनमें 6 महिलाएं और एक लड़की और एक पुरुष शामिल है। चंबल नदी पार करने के लिए सभी नाव में बैठीं। तेज बहाव के कारण नाव पलट गई। इनमें से 3 लोग तैरकर बाहर आए। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

 

नाव से भी नदी में तलाश किया गया। गोताखोरों ने रात को पहले तीन महिलाओं के शव बरामद किए। वहीं इसके बाद एक और शव बरामद किया। एक महिला की तलाश जारी है। बताया जाता है कि ये महिलाएं रोजाना इसी तरह नाव से खेत पर काम करने जाती हैं। इससे पहले भी हादसे हो चुके हैं। मौके पर चंदवासा चौकी प्रभारी गौरव लाड गोताखोर टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद है। शामगढ़ थाना प्रभारी कमलेश प्रजापति की टीम मौके पर पहुंच गई है। सर्चिंग भी जारी है। रात होने से गोताखोरों को परेशानी आ रही है।

 

 

इस हादसे में तैरकर किनारे पर पहुंची लड़की रानू पिता रामनारायण गायरी नाव डूबने की बात बता रही है। जबकि ग्रामीणों के मुताबिक डूबने वाले लोग नदी को पैदल ही पार कर रहे थे। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है। शाम के वक्त घटी इस घटना के बाद शामगढ़ ,सुवासरा और गरोठ का पुलिस बल मौके पर रवाना हुआ। बताया जा रहा है कि सभी लोग मजदूरी करने नदी पार कर खेत पर गए थे और वापस नाव से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बीच रास्ते में नाव डूब गई। इधर प्रशासन ने नाव पलटने की पुष्टि नहीं की है। मौके पर शामगढ़ टीआई और तहसीलदार अर्जुन सिंह भदोरिया पहुंचे हैं। जबकि बाकी थानों का पुलिस बल भी रेस्क्यू के लिए रवाना हुआ। कलेक्टर गौतम सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए है। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह डंग भी भोपाल से घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं।

 

ये महिलाएं डूबीं

 

धापू बाई (41) पति गोपाल

रसाल बाई (40) पति राधेश्याम

राधा बाई (18) पिता मांगीलाल

मधु पति (19) कान्हा गायरी

प्रेम बाई पति बालू राम गाडरी