पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व के एक युवा बाघ का शिकारियों ने शिकार कर दिया है। शिकार करने का तरीका बेहद डरावना है। विक्रमपुर गांव के पास बाघ फांसी के फंदे पर लटका मिला है। उत्तरवन मंडल क्षेत्र में घटना होने की वजह से पन्ना टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।
घटना उत्तर वन मंडल क्षेत्र के पन्ना रेंज के लक्ष्मीपुर से विक्रमपुर के जंगल की है। यहां पर अज्ञात शिकारियों ने शिकार करके बाघ को मार दिया है। अज्ञात शिकारियों ने बाघ को पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया है। जानकारी के लगते ही वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंच चुके हैं। बाघ के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है।
फील्ड डारेक्टर बृजेन्द्र झा से बाघ का शिकार के मामले में बता करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि घटनाक्रम उत्तरवन मंडल का है, इसलिए जानकारी उत्तरवन मंडल से ले ले लीजिए। अभी तक पीटीआर से जुड़े मामले की जानकारी क्षेत्र संचालक ही देते रहे हैं।


