अगले 24 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, IMD ने दिए ये संकेत

Author Picture
By Sharma Published On: February 10, 2023

भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय तीन मौसम प्रणालियों के असर से हवाओं का रुख बदल गया है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवाओं का रुख दक्षिण-पूर्वी होने के कारण गुरुवार दोपहर से तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। अभी दो दिन तक तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। उधर, गुरुवार को मध्य प्रदेश में सबसे कम 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रीवा में दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान रीवा संभाग के जिलों में काफी गिरे एवं शेष संभागों के जिलों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ। न्यूनतम तापमान शहडोल संभाग के जिलों में सामान्य से कम एवं शेष संभागों के जिलों में सामान्य रहे।

 

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि वर्तमान एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और पाकिस्तान के आसपास बना हुआ है। इसके प्रभाव से मध्य पाकिस्तान और उससे लगे राजस्थान पर एक प्रेरित चक्रवात बन गया है। इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ के आसपास एक प्रति चक्रवात बन गया है।

 

इन तीन मौसम प्रणालियों के असर से वर्तमान में हवाओं का रुख दक्षिण-पूर्वी हो गया है। इस वजह से तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। शुक्ला के मुताबिक तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला रविवार तक बना रह सकता है। उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने पर तापमान में फिर कुछ गिरावट होने लगेगी