दमोह-पन्ना स्टेट हाईवे पर सोमवार सुबह गौरी ट्रैवल्स की एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जो एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बचे। गनीमत रही कि बस पलटने से पहले ही रुक गई, जिससे सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।
नशे में ड्राइवर पर भड़के यात्री
बस रुकते ही आक्रोशित यात्रियों ने ड्राइवर को घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। यात्रियों का आरोप है कि ड्राइवर बुरी तरह नशे में था, जिसके कारण वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा के साथ खिलवाड़ पर सवाल
इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि ड्राइवर की लापरवाही से कई जानें जा सकती थीं, जिसके चलते लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अब पुलिस ड्राइवर की मेडिकल जांच कराकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।