इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र के झलारिया गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की चाकू गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने अपने दो बच्चों को तालाब में फेंक दिया, जिससे 11 साल की बेटी की डूबने से मौत हो गई।
पत्नी की हत्या के बाद बच्चों को तालाब में फेंका
आरोपी पति ने चरित्र पर शक के चलते पहले अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह बच्चों को हिंगोनिया तालाब ले गया और उन्हें पानी में फेंक दिया। 8 साल के बेटे ने सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचाई, जबकि बेटी का शव घंटों की मशक्कत के बाद टीम ने बाहर निकाला।
पुलिस हिरासत में आरोपी, जांच जारी
इस वीभत्स घटना के बाद कनाड़िया पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि घटना के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।