सागर में जहरीली शराब की घटना के बाद ग्वालियर पुलिस ने जिले भर में अवैध शराब के ठिकानों पर सघन छापेमारी की है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में कच्ची शराब जब्त की और शराब बनाने के काम आने वाले 3600 लीटर गुड़ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई
मुरार, भितरवार और डबरा देहात थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जंगल और डेरों में चल रही अवैध शराब भट्टियों को निशाना बनाया। पुलिस ने इस दौरान शराब बेचते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य मामलों में आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जहरीली शराब पर लगाम की कोशिश
पुलिस की यह कार्रवाई अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने के उद्देश्य से की गई है, ताकि भविष्य में किसी भी अनहोनी को रोका जा सके। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ड्रमों में छुपाकर रखे गए गुड़ लहान को नष्ट कर शराब माफियाओं के मंसूबों पर पानी फेर दिया है।