Home प्रदेश CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, लाड़ली बहना की राशि बढ़ाकर कर...

CM मोहन यादव का बड़ा ऐलान, लाड़ली बहना की राशि बढ़ाकर कर दी जाएगी इतनी

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने राज्य की महिलाओं को एक बड़ी खुशखबरी देते हुए कहा कि लाड़ली बहना योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने दी जाने वाली राशि को धीरे-धीरे बढ़ाकर पांच हजार रुपए तक किया जाएगा। पिछले साल के विधानसभा चुनावों से पहले शुरू की गई इस योजना के तहत वर्तमान में महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,250 रुपए प्रति माह डाले जाते हैं।

यादव ने बुधनी विधानसभा सीट पर एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘बहनो, क्या कभी किसी ने आपके खाते में पैसे जमा किए हैं? यह कांग्रेस के लोगों से पूछिए। आप (कांग्रेस) लोगों से लूटते और छीनते थे उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि यह योजना तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनावों के लिए शुरू की थी और इसे बंद कर दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘आप (कांग्रेस) शोर मचाते रहिए, हम देते रहेंगे (बैंक खातों में पैसे जमा करते रहेंगे)। भाजपा सरकार ने पहले 1,250 रुपए जमा किए, आज भी 1,250 रुपए जमा कर रही है…और आगे इस राशि को बढ़ाते हुए तीन हजार रुपए से पांच हजार रुपए भी किया जाएगा। यही सरकार की नीति है।’

इसके बाद शनिवार शाम को इंदौर के नेहरू स्टेडियम में आयोजित एक समारोह में यादव ने लाड़ली बहना योजना की 18वीं किस्त जारी करते हुए लाभार्थी महिलाओं के खातों में 1,250 रुपए ट्रांसफर किए। इस दौरान प्रदेश की 1.29 करोड़ बहनों के खातों में 1574 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई।

इसके साथ ही उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 55 लाख हितग्राहियों के खाते में 333 करोड़ रुपए और 26 लाख लाड़ली बहनों के खाते में गैस सिलेंडर की रिफिल के लिए 55 करोड़ रुपए की राशि भी अंतरित की। उन्होंने यह राशि लोकमाता देवी अहिल्या जी की 300वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में वीरांगना बेटियों के लिए आयोजित शौर्यवीरा कार्यक्रम में ट्रांसफर की।

इस मौके पर देश में पहली बार हजारों बालिकाओं और महिलाओं द्वारा एक साथ, एक समय, एक स्थान पर सामूहिक तलवारबाजी प्रदर्शन का वर्ल्ड रिकॉर्ड कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लाड़ली बहना योजना सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन की एक बड़ी पहल है। इस योजना के तहत शुरूआत में हर एक महिला को एक हजार रूपये प्रतिमाह दिये गये। इसके बाद यह राशि बढ़ाकर 1250 रूपये प्रतिमाह की गई। इस राशि में आगे और भी वृद्धि की जाएगी।

error: Content is protected !!
Exit mobile version