रिश्वतखोर सफाई दरोगा पर शिकंजा, लोकायुक्त ने 5 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा

Author Picture
By Sharma Published On: July 15, 2021

धर्मेन्द्र शर्मा ,ग्वालियर। शहर में आज गुरुवार सुबह 5 बजे लोकायुक्त की टीम में एक सफाई दरोगा को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया सफाई दरोगा एक सफाई कर्मचारी से उसका रुका हुआ वेतन दिलवाने की एवज में रुपए की डिमांड कर रहा था। जिसकी शिकायत लोकायुक्त से की गई थी, जिसके बाद टीम ने रिश्वतखोर सफाई दरोगा को ट्रैप कर उसे रंगे हाथों पकड़ा है।

जानकारी के मुताबिक सफाई कर्मचारी लक्ष्मण का 2018 में दो महीने का वेतन किसी कारण से रुका पड़ा हुआ है। जिसको निकलवाने के लिए सफाई दरोगा अशोक धवल 10 हजार रुपए की डिमांड कर रहा था। सफाई दरोगा अशोक धवल निगम के स्वच्छता सर्वेक्षण में सीएसआई(CSI) के पद पर पदस्थ है। सफाई दरोगा से कर्मचारी लक्ष्मण का रुका वेतन निकलवाने का सौदा 5 हजार रुपए में तय हो गया था। जिसके बाद मामले की जानकारी लोकायुक्त को दी गई। लोकायुक्त की टीम ने पहले सफाई दरोगा को ट्रैप किया। जिसके बाद पड़ाव स्थित ड़फरन सराय निगम वार्ड कार्यालय से उसे रंगे हाथों सफाई कर्मचारी से 5 हजार रुपए की रिश्वत देते पकड़ लिया।

प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि सफाई दरोगा हाजिरी लगाने के एवज में भी सफाई कर्मचारियों से 1 से 2 हजार रुपए हर महीने लिया करता था। फिलहाल अब सफाई दरोगा पर लोकायुक्त का शिकंजा कस गया है और कार्रवाई की जा रही है।