कॉलोनी में घुसा 5 फीट लंबा मगरमच्छ, मगरमच्छ को देख लोग घबराए

Author Picture
By Sharma Published On: September 2, 2022

जबलपुर। जबलपुर के रांझी के नानक नगर में गुरुवार देर रात एक मगरमच्छ घुस आया। अंधेरा होने से उस पर किसी की नजर नहीं पड़ी। लेकिन कुत्तों के लगातार भौंकने पर लोग उस ओर पहुंचे। टॉर्च की रोशनी में 4-5 फीट लंबा मगरमच्छ नजर आया। मगरमच्छ को देख लोग घबरा गए और घरों के दरवाजे बंद कर लिए। मोहल्ले के कुछ लोगों ने हिम्मत जुटाई और टॉर्च के सहारे मगरमच्छ को एक घंटे की मशक्कत के बाद पकड़ा। इस दौरान वह हमला करने की कोशिश करता रहा।

मगरमच्छ काफी गुस्से में था। वह किसी पर भी हमला कर सकता था। लोगों ने पहले तो वन विभाग को सूचना दी। लेकिन रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंची। आयुध निर्माणी खमरिया में कार्यरत जेडब्ल्यूएम फुंदी लाल गोटिया ने हिम्मत दिखाई और मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ मिलकर मगरमच्छ को पकड़ने के लिए आगे बढ़े। पहले तो ऐहतियातन उन्होंने उस पर कपड़ा डाला। फिर फंदा बनाया। फंदा डालते ही मगरमच्छ गुस्से में आ गया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मगरमच्छ फंदे में फंस गया। लोगों ने मुंह पर टेप चिपकाया और उसे उठा लिया। मगरमच्छ के पकड़े जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली और रात में ही वन विभाग को सौंप दिया।

साईं धाम कॉलोनी मानेगांव में रहने वाले लोगों का कहना है कि यहां से गुजरने वाला नाला सोनपुर तालाब में मिलता है। सोनपुर तालाब में बड़ी संख्या में मगरमच्छ रहते हैं, जिसके कारण नाले से होते हुए वे यहां तक आ जाते हैं।