मौसम विभाग का फैसले को लेकर अलर्ट, इन जिले में बारिश और ओलावृष्टि के आसार

Author Picture
By Sharma Published On: March 11, 2022

इंदौर। मार्च के दूसरे हफ्ते में दो दिन से इंदौर व आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश व ओले गिरने से मौसम में ठंडक घुली है। इस बदलाव से किसान चिंतित हैं। क्योंकि उनकी गेहूं, चने व लहसुन की फसलें पक गई हैं। दो दिन पहले ओले गिरने से कुछ फसलों को नुकसान भी पहुंचा है। इस बीच मौसम वैज्ञानिकों ने किसानों को 20 मार्च तक अपनी फसलें काटकर सुरक्षित रख लेने का सुझाव दिया है। क्योंकि अब करीब 10 दिनों तक बारिश के आसार नहीं हैं।

 

दो बार हुई बारिश से सांवेर, देपालपुर आदि से जुड़े 15 से ज्यादा गांवों की कुछ फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएल खापडिया ने बताया कि अब मौसम खुला रहने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले 10 दिन फसल कटाई के लिए अच्छे हैं। जिन फसलों में नमी नहीं है, उन्हें इस दौरान काटकर स्टोर किया जा सकता है। क्योंकि फसल पकने के बाद हल्की बारिश भी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है। 20 मार्च के बाद एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ बनेंगे। जिससे मौसम में परिवर्तन हो सकता है और बारिश का दौर आ सकता है।

 

गुरुवार शाम इंदौर के कई हिस्सों में बारिश हुई। साथ ही हातोद, देपालपुर, सांवेर, महू व उसके आसपास भी हल्की बारिश हुई। एरोड्रम स्थित मौसम केंद्र के अनुसार गुरुवार को दिन का अधिकतम तापमान 31.2 रहा जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। इसी प्रकार रात का न्यूनतम तापमान 17.6 रहा जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक है जबकि बारिश 6 मिमी दर्ज की गई। उधर, एग्रीकल्चर कॉलेज के मौसम केंद्र के अनुसार दिन का अधिकतम तापमान 31 डिग्री तथा रात का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।