दो युवकों को की चेन लूटकर भागे बाइक सवार बदमाश, CCTV में कैद हुई घटना

Author Picture
By Sharma Published On: July 12, 2022

ग्वालियर। मुरार और गोला का मंदिर इलाके में मंगलवार सुबह दो युवकों की चेन लूटकर अपाचे बाइक सवार बदमाश भाग निकले। दोनों युवक सुबह की सैर पर निकले थे, तभी लूट की घटना हो गई। दोनों ही घटना में दो बदमाश शामिल हैं, एक ही गैंग के बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पहले मुरार और करीब आधा घंटे बाद गोला का मंदिर इलाके में लूट की। सुबह हुई लूट की घटना से पुलिस अफसर सकते में आ गए हैं। आरोपित सीसीटीवी कैमरे में नजर आए हैं। सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर पड़ताल चल रही है।

 

सीएसपी मुरार ऋषिकेष मीणा ने बताया कि मुरार स्थित छह नंबर चौराहे के पास रहने वाले त्रिलोक राजपूत अपने श्वान के साथ सुबह सैर पर निकले थे। वह पैदल जा रहे थे, तभी पीछे से अपाचे बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आए। बाइक चला रहे बदमाश ने गति धीमी की, पीछे बैठे बदमाश ने गले पर झपट्टा मारा और चेन लूट ली। चेन लूटकर बदमाश भाग निकले। युवक ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। इसके बाद बदमाश गोला का मंदिर इलाके में भाऊ साहब पोतनीस इंक्लेव के पास पहुंचे। यहां डा.प्रशांत पचौरी सुबह की सैर पर निकले थे। यहां उनके गले पर झपट्टा मारकर बदमाश सोने की चेन लूट ले गए। इसके बाद बदमाश रेसकोर्स रोड की तरफ भाग गए।

 

आधा घंटे में दो लूट की घटना होने से पुलिस अफसर हैरान रह गए। इलाके में नाकाबंदी की गई। बदमाश जिस बाइक पर सवार थे, उसकी नंबर प्लेट मुड़ी हुई थी। जिससे बाइक की पहचान न हो सके। पुलिस को आशंका है, बाइक भी चोरी की हो सकती है। पुलिस ने आसपास के इलाकों के कुछ संदेहियों को भी पूछताछ के लिए उठाया है, जिससे आरोपितों की पहचान हो सके। दोपहर तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा था। पुलिस बदमाशों के फुटेज के आधार पर ही पड़ताल में लगी थी।