प्रेमी ने प्रेमिका के लिए किया सुसाइड, जानिए पूरा मामला

Author Picture
By Sharma Published On: February 21, 2022

भोपाल।भोपाल में प्यार में असफल रहे एक इंजीनियर युवक ने सुसाइड कर लिया। वो गर्लफ्रेंड की शादी दूसरी जगह होने से बेहद दुखी था। लड़की के परिवार वालों ने उसके बेरोजगार होने की वजह से बेटी का हाथ देने से इनकार कर दिया था। इस कारण पिछले तीन दिनों से वह डिप्रेशन में था। रविवार देर शाम युवक का शव फंदे पर लटका मिला। फांसी लगाने से पहले कमरे में जाते हुए उसने अपनी भाभी से अंतिम शब्द बोले थे कि सब ठीक है। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटनास्थल से सुसाइड नोट नहीं मिला है।

 

24 साल का सूरज साहू पुत्र राजकुमार साहू मूलत: छिंदवाड़ा का रहने वाला था। वह इंजीनियरिंग कर चुका था। बड़ा भाई आशीष साहू भी सिविल इंजीनियर है। आशीष निजी कंपनी में जॉब करता है। सूरज बड़े भाई और भाभी के साथ सागर अभिनव हाइट्स मिसरोद में रह रहा था। उसने रविवार दोपहर करीब 2 बजे भाभी के साथ खाना खाया। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। इधर, भाभी बच्चे के साथ कमरे में सोने चले गए।

 

शाम तक सूरज बाहर नहीं आया, तो भाभी ने आवाज लगाई। अंदर से जवाब नहीं मिला। दरवाजा खटखटाने पर भी आवाज नहीं आई। उसने फोन कर आशीष को बताया। आशीष ने घर पहुंचकर दरवाजा को धक्का मारा। उन्होंने ऊपरी मंजिल पर रहने वाले चाचा रूपेश साहू को भी बुला लिया। काफी मशक्कत के बाद दरवाजा कुछ खुल गया। अंदर गए, तो सूरज फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई।

 

 

आशीष ने बताया कि सूरज छिंदवाड़ा में ही रहने वाली लड़की से प्यार करता था। अभी जॉब नहीं होने के कारण लड़की के परिवारवालों ने शादी करने से इनकार कर दिया था। परिवार वालों ने लड़की की शादी तीन दिन पहले दूसरे लड़के से कर दी। इसके बाद से ही वह डिप्रेशन में था। सूरज ने भोपाल से ही इंजीनियरिंग की थी। तीन दिन से सूरज लगातार रो रहा था। इस कारण परिवार वाले उसे अकेला नहीं छोड़ते थे। उन्होंने उसे समझाया भी था। रविवार को कमरे में जाने के पहले वह भाभी से बोला भी था कि सब ठीक है।