वेंटिलेटर पर 13 साल के बच्चे का कटा बर्थडे केक

Author Picture
By Sharma Published On: June 23, 2022

जबलपुर। जबलपुर में 8th क्लास के स्टूडेंट ने वेंटिलेटर पर अपना 13वां बर्थडे मनाया। उसकी दोनों किडनी खराब हो गई हैं। वह तीन दिन से वेंटिलेटर पर है। तीन महीने से डायलिसिस भी हो रहा है। हार्ट में भी प्रॉब्लम है। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे इस जिंदादिल बालक को इतना याद था कि 22 जून को उसका बर्थडे है। खुशी से उसका चेहरा चमक उठा। उसने डॉक्टर से केक काटने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद अस्पताल की ओर से केक मंगवाया गया।

 

डॉ. शैलेंद्र राजपूत ने बताया कि बच्चा जबलपुर के रांझी का रहने वाला है। पहले उसे बुखार आया, इसके बाद चेहरे और पैरों में सूजन आ गई। जांच की गई तो पता चला कि उसकी दोनों किडनी खराब हैं। साथ में उसे दिल की भी तकलीफ है। पिछले तीन माह से डायलिसिस पर है।

 

डॉ. शैलेंद्र ने बताया कि वेंटिलेटर में होने के बाद भी बच्चा जन्मदिन मनाने और केक काटने की जिद करने लगा। आखिरकार मासूम की जिद के आगे अस्पताल प्रबंधन नतमस्तक हो गया। उन्होंने बच्चे के लिए केक मंगवाया और अस्पताल प्रबंधन ने मिलकर न सिर्फ केक काटा, बल्कि बच्चे का जन्मदिन सेलिब्रेट भी किया।