CM शिवराज ने तत्काल प्रभाव से कलेक्टर को भी हटाने के निर्देश दिए

Author Picture
By Sharma Published On: September 20, 2022

झाबुआ। झाबुआ एसपी अरविंद तिवारी के बाद अब कलेक्टर सोमेश मिश्रा पर भी गाज गिरी है। कलेक्टर सोमेश मिश्रा की जगह पर रजनी सिंह को झाबुआ कलेक्टर बनाया गया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार सुबह मुख्य सचिव को झाबुआ कलेक्टर को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए और इस पर तत्परता दिखाकर आदेश भी जारी हो गया। इंदौर की अपर आयुक्त (राजस्व) रजनी सिंह को झाबुआ की कलेक्टरी दी गई है। सोमेश मिश्रा को मध्यप्रदेश शासन में उपसचिव बनाया गया है।

 

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को सोमवार को झाबुआ में सरकारी योजनाओं के कार्यान्वयन में गड़बड़ी की शिकायतें मिली थी। हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा था। इससे शिवराज नाराज हो गए और उन्होंने तत्काल प्रभाव से झाबुआ कलेक्टर को हटाने के निर्देश दे दिए। इससे एक दिन पहले ही एसपी अरविंद तिवारी को तत्काल प्रभाव से पहले हटाया और फिर सस्पेंड कर दिया गया था। अरविंद तिवारी का एक ऑडियो वायरल हो गया था। इसमें वे पॉलीटेक्निक के छात्रों को गालियां देते हुए सुने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा था कि ऑडियो में आवाज अरविंद तिवारी की होने की पुष्टि के बाद उन्हें निलंबित कर दिया है।